
भोपाल। मंत्री विजय शाह एवं नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने गुरूवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया। जिन जनसमस्याओं का त्वरित समाधान नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को निराकरण के लिए भेजा गया है। कार्यकर्ताओं से संवाद एवं समन्वय के बाद मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विजय शाह ने कहा कि मैंने प्रदेश शासन के मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल के साथ भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर से आने वाले कार्यकर्ताओं से संवाद कर जनसमस्याओं का समाधान किया। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार और संगठन गरीबों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
कार्यकर्ताओं से संवाद की सार्थक पहल के अच्छे परिणाम आ रहे हैं
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विजय शाह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि संगठन द्वारा शुरू की गई मंत्रियों की प्रदेश कार्यालय में नियमित उपलब्धता व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल का आभार व्यक्त किया। विजय शाह ने कहा कि हम सभी मूल रूप से भाजपा कार्यकर्ता हैं। मंत्री का दायित्व बाद में आता है। संगठन मजबूत होगा तभी सरकार बनेगी और मंत्री बनने का अवसर प्राप्त होगा। इसलिए हमारा पहला कर्तव्य संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। अब प्रतिदिन दोपहर 1 से 3 बजे तक दो-दो मंत्री प्रदेश कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं की जनसमस्याएँ सुनेंगे, संबंधित अधिकारियों से वहीं पर बात करेंगे और आवश्यक कार्यवाही आगे बढ़ाएँगे। यह व्यवस्था उन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के लिए भी अत्यंत उपयोगी होगी जो भीड़भाड़ के कारण पहले अपनी बात सीधे नहीं रख पाते थे। आने वाले दिनों में इस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होने कहा कि प्रदेश कार्यालय की यह नई व्यवस्था संगठन और सरकार दोनों के बीच के संवाद को और अधिक सुदृढ़ करेगी। यह पहली सरकार है जिसने मंडल अध्यक्ष से लेकर प्रभारी मंत्री और प्रदेश कार्यालय तक कार्यकर्ताओं की आवाज को प्राथमिकता देने की परंपरा स्थापित की है।
