मंगोलियाई सेना के साथ अभ्यास भारत की बढती रक्षा कूटनीति का प्रतीक : रक्षा सचिव

नयी दिल्ली 13 जून (वार्ता) रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने मंगोलियाई सेना के साथ सैन्य अभ्यास नोमैडिक एलीफेंट और बहुराष्ट्रीय अभ्यास खान क्वेस्ट को भारत की बढती रक्षा कूटनीति का प्रतीक बताया है।
श्री सिंह ने शुक्रवार को मंगोलिया के उलानबटार में भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास नोमैडिक एलीफेंट के समापन अवसर पर यह बात कही। समारोह में सेना के ‘ऑपरेशनल लॉजिस्टिक्स और स्ट्रैटेजिक मूवमेंट’ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह भी थे।
रक्षा सचिव ने नोमैडिक एलीफेंट अभ्यास के दौरान भारतीय सैनिकों की पेशेवर कुशलता, कर्तव्य के प्रति समर्पण और आचरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह अभ्यास भारत और मंगोलिया के बीच मित्रता, आपसी विश्वास तथा साझा सांस्कृतिक संबंधों के स्थायी सूत्र का प्रमाण है। यह सार्थक सैन्य सहयोग के एक मंच के रूप में कार्य करता है और क्षेत्रीय शांति तथा स्थिरता के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की संयुक्त पहलों में भारतीय सेना का योगदान न केवल परिचालन तत्परता को बढ़ाता है बल्कि वैश्विक शांति प्रयासों में एक जिम्मेदार हितधारक के रूप में भारत की भूमिका को भी मजबूत करता है।
रक्षा सचिव शनिवार को बहुराष्ट्रीय संयुक्त सैन्य अभ्यास खान क्वेस्ट 2025 के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे। इस अभ्यास में भारतीय सेना की टुकड़ी भी भाग ले रही है। अभ्यास खान क्वेस्ट 28 जून तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि अभ्यास नोमैडिक एलीफेंट और खान क्वेस्ट का आयोजन भारत की बढ़ती रक्षा कूटनीति में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और मंगोलिया के साथ इसकी साझेदारी के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करता है।

Next Post

देश में कोरोना के कुल सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 7131 हुयी

Fri Jun 13 , 2025
नयी दिल्ली, 13 जून (वार्ता) देश में कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामलों में कमी आने से सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 7131 रह गयी। आज सुबह आठ बजे तक कोरोना संक्रमण के 23 नये सक्रिय सामने आये और एक मरीज की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 78 हो […]

You May Like