मुंबई, (वार्ता) अभिनेता आदर्श गौरव, रिडली स्कॉट की ‘एलियन: अर्थ’ की आने वाली सीज़न में वापस नज़र आ सकते हैं।
आदर्श गौरव, जिन्होंने रिडली स्कॉट की चर्चित साइ-फाई सीरीज़ एलियन: अर्थ में अपने शानदार प्रदर्शन से दुनियाभर के दर्शकों का दिल जीता, ने हाल ही में इस शो के प्रभाव और इसके आने वाले सीज़न का हिस्सा बनने की अपनी इच्छा पर बात की। शो की ज़बरदस्त सफलता के बाद, आदर्श ने इस अनुभव के लिए गहरी कृतज्ञता जताई और कहा कि यदि मौका मिला, तो वो ज़रूर दोबारा इसका हिस्सा बनना चाहेंगे।
सीरीज़ के बारे में बात करते हुए आदर्श ने कहा, “एलियन: अर्थ पर काम करना मेरे लिए ज़िंदगी का एक अनोखा अनुभव रहा – कुछ ऐसा जिसे मैं हमेशा याद रखूँगा। रिडली स्कॉट जैसे महान फिल्ममेकर के बनाए हुए उस ब्रह्मांड का हिस्सा बनना, जहाँ इतनी बड़ी स्केल, कल्पना और भावनात्मक गहराई है, हर अभिनेता का सपना होता है। यह शो सिर्फ़ एक परफॉर्मर के तौर पर नहीं, बल्कि एक इंसान के तौर पर भी आपको चुनौती देता है। यह आपको इंसानियत, ज़िंदा रहने की जद्दोजहद और रिश्तों को एक नए नज़रिए से देखने पर मजबूर करता है। हर दिन उस सेट पर एक नया सबक था, और पूरी टीम का जुनून वाकई प्रेरणादायक था।”
आदर्श गौरव ने कहा, “मैं इस कहानी और अपने किरदार से गहराई से जुड़ा हुआ महसूस करता हूँ, और अगर इस यात्रा को आगे बढ़ाने का मौका मिला, तो मैं ज़रूर लौटना चाहूँगा। कहानी और भावनाओं, दोनों स्तरों पर अब भी बहुत कुछ खोजा जा सकता है। ऐसे रचनात्मक लोगों के साथ काम करना, जो लगातार सीमाओं को आगे बढ़ाने की कोशिश करते हैं, मेरे लिए बेहद प्रेरक अनुभव रहा है। एलियन: अर्थ ने मुझे यह भरोसा दिलाया कि जब कहानी दिल और ईमानदारी से कही जाती है, तो वो भाषा, संस्कृति और जॉनर की सीमाएँ पार कर जाती है।”
