पांच सौ रूपये की रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार

रीवा। सतना जिले के रामपुर बघेलान तहसील में पदस्थ लिपिक (खंड लेखक) को लोकायुक्त पुलिस रीवा की टीम ने पांच सौ की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. आरोपी ने पेशी खत्म करने के लिये रिश्वत ली थी. पूर्व में आरोपी लिपिक 15 सौ रूपये ले चुका था. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक रामकृष्ण प्रजापति निवासी एरा थाना रामपुर बघेलान जिला सतना ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा पहुंचकर शिकायत की थी कि उसके भाई शिवाकांत प्रजापति के विरूद्ध रामपुर बघेलान थाने में जुलाई माह में 170 के तहत कार्यवाही हुई थी. जिसकी पेशी तहसील रामपुर बघेलान के लिपिक उपेन्द्र पाण्डेय (खंड लेखक) द्वारा हर पेशी पर भाई से 500 रूपये की रिश्वत ली जाती है. शिकायत के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सुनील पाटीदार ने शिकायत का सत्यापन कराया जो सही मिली. पिछली तीन पेशी में आरोपी 15 सौ रूपये ले चुका था और मंगलवार को आरोपी ने शिकायतकर्ता से पांच सौ की रिश्वत मांगी, जिसे तहसील कार्यालय में ही लोकायुक्त की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. कार्यवाही का नेतृत्व निरीक्षक उपेन्द्र दुबे ने किया और संदीप सिंह भदौरिया निरीक्षक सहित टीम शामिल रही. आरोपी लिपिक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.

आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज: लोकायुक्त एसपी

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सुनील पाटीदार ने बताया कि आरोपी लिपिक को पांच सौ रूपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है. 1500 रूपया पूर्व में आरोपी ले चुका था. मंगलवार को पांच सौ रूपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया है. जिसके विरूद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.

Next Post

मौसमी बीमारियों का कहर, जिला अस्पताल में बढ़ी मरीजों की भीड़

Tue Sep 16 , 2025
मंडला। बदलते मौसम का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर साफ नजर आने लगा है। जिला अस्पताल मंडला में इन दिनों मरीजों की संख्या सामान्य दिनों से कई गुना बढ़ गई है। मौसमी बीमारियों के चलते अस्पताल का हाल किसी मेले जैसा दिखाई दे रहा है। सर्दी, खांसी, जुकाम और […]

You May Like