
मंडला। बदलते मौसम का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर साफ नजर आने लगा है। जिला अस्पताल मंडला में इन दिनों मरीजों की संख्या सामान्य दिनों से कई गुना बढ़ गई है। मौसमी बीमारियों के चलते अस्पताल का हाल किसी मेले जैसा दिखाई दे रहा है। सर्दी, खांसी, जुकाम और वायरल बुखार से पीड़ित बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।
अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. मनोज मुराली ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मौसम में हो रहे लगातार बदलाव को देखते हुए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने सलाह दी कि लोग बारिश के पानी में भीगने से बचें, तेज धूप में बिना वजह न निकलें और खानपान का विशेष ध्यान रखें। बाजार की तली-भुनी चीजों का सेवन कम करें तथा फलों और हल्के भोजन को प्राथमिकता दें।
डॉ. मुराली ने बताया कि इस समय प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रखना सबसे जरूरी है। पर्याप्त पानी पिएं, ताजे फल-सब्जियां खाएं और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि मौसम में कभी भी बदलाव हो सकता है, ऐसे में लापरवाही बरतना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने भी नागरिकों से अपील की है कि शुरुआती लक्षण दिखते ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच अवश्य कराएं, ताकि समय पर इलाज मिल सके और संक्रमण फैलने से रोका जा सके।
