
छिंदवाड़ा. पश्चिम वन मंडल के परासिया वन परिक्षेत्र में इन दिनों सियार ने आतंक मचाया हुआ है. कुछ दिनों पूर्व ग्राम तितरा में कई लोगों सहित पशुओं पर हमला कर सियार ने उन्हें घायल कर दिया था तथा ग्राम डुंगरिया में भी तीन लोगों को काट दिया था. अब सियार ने ग्राम तुमडी में एक व्यक्ति पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. सियार के द्वारा लगातार किए जा रहे हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तुमड़ी निवसी महताप पिता बखतलाल नागवंशी 45 वर्ष ग्राम में स्थित नाले के पास बैठा हुआ था तब अचानक झाडिय़ों में छिपा बैठा सियार वहां से आया और उसने नाले के पास बैठे महताप पर हमला कर उसके हाथों में काट दिया. स्थानीय लोगों के वहां आने पर सियार वहां से भाग गया. इधर गंभीर रूप से घायल महपाप नागवंशी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी सियार ने ग्राम तितरा क्षेत्र में कई लोगों और पशुओं पर हमला किया था. वहीं डुंगरिया गांव में भी सियार ने बुधवार को आंगन में बैठी 6 वर्षीय आराध्या, महेश डेहरिया और उमेश बनवारी पर हमला कर दिया था. सियार ने आराध्या के गले में और महेश व उमेश के हाथ-पैर पर काट दिया था. वहीं ने सात पालतू पशुओं-बकरी, गाय और भैंस को भी काटकर घायल कर दिया था. वन विभाग के अनुसार सियार 15 किलोमीटर तक चहलकदमी करता है जिसके चलते वह अलग-अलग ग्राम में ग्रामीणों और पशुओं को शिकार बना रहा है. वन विभाग ने लोगों को सर्तक रहने वालो अपने पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने की अपील की है.
