गुना: गुना में मंडी गेट के पास मंदिर घाट स्थित एक जनरल स्टोर में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में दुकान के अंदर रखा कीमती सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, दुकानदार को करीब 15 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है।घटना सुबह करीब 5 बजकर 45 मिनट की है। राधा रानी जनरल स्टोर के मालिक देवेन्द्र प्रजापति को सूचना मिली कि उनकी दुकान से धुएं का गुबार उठ रहा है।
आनन-फानन में जब उन्होंने मौके पर पहुंचकर शटर खोला, तो अंदर का मंजर भयावह था। पूरी दुकान आग की लपटों और काले धुएं से घिरी हुई थी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दुकान में रखे महंगे कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और फर्नीचर ने तुरंत आग पकड़ ली। देखते ही देखते सब कुछ राख में तब्दील हो गया। हालांकि, इस आपदा के बीच दुकानदार देवेंद्र प्रजापति ने साहस और तत्परता का परिचय दिया।
अपनी जान जोखिम में डालकर उन्होंने दुकान का मुख्य काउंटर बाहर खींच लिया, जिससे उसमें रखी नगदी जलने से बच गई। इस प्रयास में दुकानदार का हाथ भी मामूली रूप से झुलस गया है। फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए, लेकिन तब तक अधिकांश नुकसान हो चुका था।
