
जबलपुर। ग्वारीघाट थाना अंतर्गत बादशाह हलवाई मंदिर के पास शातिर चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात, 30,000 नगद और यहां तक कि घर में लगा पानी का पंप भी चोरी कर लिया। वारदात के वक्त पीड़िता दिल्ली में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गई हुई थीं। पुलिस के मुताबिक, बादशाह हलवाई मंदिर गली नंबर 01 निवासी माही शुक्ला (32) 6 सितंबर को अपने घर पर ताला लगाकर फरीदाबाद दिल्ली में आयोजित किन्नर समाज के एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। 10 सितंबर को जब वह वापस अपने घर लौटीं और दरवाजा खोलकर अंदर गईं, तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोरों ने रात करीब 1 से 6 बजे के बीच सूनेपन का फायदा उठाया। चोर मुख्य गेट से कूदकर घर के अंदर दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोरों ने अलमारी में रखे सोने की चेन, तीन अंगूठियां, कान की झुमकी, चांदी की पायल और 30,000 नगद समेट लिए। जाते-जाते चोर घर में लगा पानी का पंप भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
