
ब्यावरा।अनंत चर्तुदशी पर गणेश जी की प्रतिमाओं का पूर्ण विधि विधान के साथ विसर्जन कर दिया गया. चहुंऔर विदाई में गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ गूंज उठा. सुबह से ही प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरु हो गया था जो रात भर चलता रहा. नगर सहित जिले भर में गाजे-बाजे के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. गणेश महोत्सव की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई थी और आज अनंत चर्तुदशी पर विदाई के समय भी जमकर बारिश हुई.
नगर में इंदौर नाका पुल पर स्टॉप डेम के यहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया. हर मार्ग, गली-मोहल्ले, झांकी पाण्डालों से ढोल-ढमाके, बैंडबाजे, भजन कीर्तन करते हुए श्रद्धालुओं के द्वारा प्रतिमाओं को विसर्जन स्थल पर ले जाया गया. जहां पूजा अर्चना, आरती कर विसर्जन किया गया. क्रेन की मदद से किया विसर्जन
विसर्जन स्थल पर प्रशासन द्वारा बेहतर व्यवस्था की गई. घाट स्थल के आसपास बेरिकेट्स लगाकर जगह को सुरक्षित किया गया. छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन यहां तैनात नपा कर्मचारियों के द्वारा किया गया जबकि बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन क्रेन की मदद से किया गया.
