गणेश उत्सव में दुर्ग पुलिस की सख्ती, धारदार हथियारों के साथ आठ गिरफ्तार

दुर्ग, 06 सितंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ में गणेश उत्सव के अवसर पर कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस ने असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जिसके तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों से धारदार हथियार रखने वाले कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पंडालों में किसी प्रकार की गंभीर घटना न घटे, इसके लिए सभी थाना क्षेत्रों में सादी वर्दी में भी पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई थी।

अभियान के तहत बीते दो दिनों में विभिन्न थाना क्षेत्रों से धारदार हथियार रखने वाले कुल आठ आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

थाना दुर्ग क्षेत्र में हरनाबांधा रोड पर आरोपी प्रतीक चतुर्वेदी को चाकू से लोगों को डराते धमकाते पकड़ा गया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 422/2025 धारा 25 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई हुई। नयापारा नदी रोड तिराहा के पास आरोपी सुनील ढीमर को चाकू के साथ पकड़ा गया, जिस पर अपराध क्रमांक 424/2025 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट कायम किया गया।

थाना सुपेला क्षेत्र के आरके मैदार, राधिका नगर में आरोपी युवराज सोनी को चाकू लहराते हुए पकड़ा गया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1044/2025 दर्ज हुआ। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में रायपुर नाका ओवरब्रिज के नीचे आरोपी अंकुश नायक के खिलाफ अपराध क्रमांक 307/2025 दर्ज किया गया।

वहीं वैशाली नगर क्षेत्र में गौरव पथ, इंदिरा नगर कॉलेज के आगे तथा दशहरा मैदान शांति नगर के पास आरोपियों कमलेश उर्फ भुरू, गोपी साहू, हर्ष कुमार उर्फ सोनू और एक अपचारी बालक को चाकू के साथ पकड़ा गया। इन मामलों में क्रमशः अपराध क्रमांक 295/2025, 296/2025, 297/2025 और 298/2025 दर्ज कर कार्रवाई की गई।

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश उत्सव के दौरान किसी भी असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Next Post

पंजाब में बाढ़ इंसानी लापरवाही की वजह से आई हुई आपदा: भूपेश बघेल

Sat Sep 6 , 2025
तरनतारन 06 सितंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने शनिवार को कहा कि पंजाब में आई बाढ़ एक इंसानी गलती से पैदा हुई आपदा है, जिसने राज्य के बड़े हिस्से को तबाह कर दिया। उन्होंने कहा कि समय रहते कदम उठाये जाते तो बड़े […]

You May Like