पंजाब में बाढ़ इंसानी लापरवाही की वजह से आई हुई आपदा: भूपेश बघेल

तरनतारन 06 सितंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने शनिवार को कहा कि पंजाब में आई बाढ़ एक इंसानी गलती से पैदा हुई आपदा है, जिसने राज्य के बड़े हिस्से को तबाह कर दिया। उन्होंने कहा कि समय रहते कदम उठाये जाते तो बड़े नुकसान से बचा जा सकता था।

श्री बघेल ने राज्य के लिए एक व्यापक और बड़े बाढ़ राहत पैकेज की मांग दोहराई। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अंतरिम राहत देने में हो रही देरी पर भी खेद जताया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ बघेल ने बाढ़ प्रभावित कई इलाकों का दौरा किया और वहां के लोगों से मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि यह बाढ़ पर राजनीति करने का समय नहीं है, लेकिन साथ ही राज्य सरकार और प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते कि उन्होंने पहले से रोकथाम के कदम क्यों नहीं उठाये। इस साल सामान्य से अधिक बारिश होने की भविष्यवाणी के बावजूद राज्य सरकार और प्रशासन ने हालात का अंदाजा लगाने में पूरी लापरवाही बरती। उन्होंने कहा, “हम पहले से ही गर्दन तक पानी में डूबे हुये थे, पर राज्य सरकार सोई रही और तब जागी जब सब कुछ पानी में बह चुका था।”

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने अफसोस जताया कि राज्य और केंद्र सरकारें अब भी पंजाब के बाढ़ पीड़ित लोगों की हालत के प्रति उदासीन और असंवेदनशील नजर आती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य प्रशासन पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है और केंद्र सरकार भी बेपरवाह है। उन्होंने तुरंत राहत पैकेज देने में हो रही असामान्य देरी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि व्यापक पैकेज आने में समय लग सकता है, लेकिन केंद्र सरकार को बाढ़ पीड़ितों के लिए अंतरिम राहत देनी चाहिए थी। उन्होंने आश्चर्य जताया कि जब केंद्र सरकार को पता था कि यह राहत देनी ही है, तो फिर देरी क्यों हो रही है।

श्री बघेल, जो दो दिन के लिए पंजाब के दौरे पर हैं ताकि बाढ़ की स्थिति का आकलन कर सकें और पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे राहत कार्यों की समीक्षा कर सकें, ने आज धुंधा (खडूर साहिब), गत्ता बादशाह (जीरा), निहाल लवेरा (फिरोजपुर), नौबराम शेर सिंह जबा (गुरुहरसाहाई), वाले शाह उत्तर/नूरशाह (फाजिल्का), रुकने वाला और दुत्ती वाला बांध (जीरा) का दौरा किया। कल वह अजनाला के घोणेवाल, धरमकोट रंधावा और गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक कॉरिडोर का दौरा करेंगे।

 

 

Next Post

ब्राहृाण नेताओं ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की बढ़ाई चिंता 

Sat Sep 6 , 2025
सिंगरौली। कांग्रेस पार्टी के संगठन में फेरबदल के बाद पार्टी की स्थिति दिनों दिन डगमगाती दिखाई देने लगी है। जिले के कई ब्राहृाण नेता पार्टी से दूरी बनाने लगे हैं और अब कांग्रेस के ब्राहृाण नेताओं के चिंतन शिविर में शामिल होकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का टेंशन बढ़ा दिया […]

You May Like