मानसून की भारी तबाही के बीच मिजोरम सरकार की पर्यटकों को यात्रा स्थगित करने की सलाह

एजल, 12 जुलाई (वार्ता) मिजोरम सरकार ने राज्य के बाहर से आने वाले पर्यटकों को मानसून का मौसम खत्म होने तक यात्रा स्थगित करने की सलाह दी है। सरकार ने यह कदम लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य भर में हुए भूस्खलन, अचानक आयी बाढ़ और सड़कों के बंद होने से पैदा हुई परेशानियों के मद्देनजर उठाया है।

पर्यटन विभाग ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है। मिजोरम के अलग-अलग हिस्सों में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने भारी तबाही मचायी है, जिससे सड़कों का संपर्क टूट गया है, बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है और आम जनता के साथ-साथ यात्रियों के लिए भी मुश्किलें खड़ी हो गयी हैं।

विभाग के अनुसार, पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण कई जगहों पर बड़े पैमाने पर भूस्खलन, मलबे का खिसकना और चट्टानों का गिरना जारी है। इससे मुख्य मार्ग बंद हो गये हैं और रिहायशी मकानों एवं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।

निचले इलाकों में जलभराव ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। नदियों का जलस्तर बढ़ने और बस्तियों में पानी भरने से लगभग 200 परिवारों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। अब तक हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई लोग बेघर हो गये हैं और हजारों लोग सड़कों के टूटने व यातायात बाधित होने से भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण कई यात्री रास्तों में फंस गये हैं। मुख्य मार्ग बंद होने की वजह से लोगों को राजमार्गों पर ही दिन और रात बिताने पड़े हैं। राज्य के भीतर और दूसरे राज्यों को जोड़ने वाले कई रास्तों से मलबा हटाने के बाद भी दोबारा भूस्खलन होने से सड़कें बार-बार बंद हो रही हैं। मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर पर्यटन विभाग ने बारिश के मौसम में मिजोरम आने की योजना बना रहे पर्यटकों से यात्रा टालने की अपील की है। विभाग ने उनसे किसी अधिक अनुकूल समय में यहां आने का आग्रह किया है।

विभाग ने कहा कि यह सलाह केवल जनसुरक्षा को ध्यान में रखकर जारी की गयी है, ताकि प्रभावित स्थानों पर मरम्मत का काम चलने के दौरान पर्यटकों को किसी भी तरह की असुविधा से बचाया जा सके। अपने खूबसूरत पहाड़ों, घने जंगलों और घुमावदार पहाड़ी रास्तों के लिए मशहूर मिजोरम में हर वर्ष जबरदस्त मानसूनी बारिश होती है। लंबे समय तक होने वाली बारिश के कारण यहां की कमजोर पहाड़ियों पर भूस्खलन का खतरा बना रहता है, जिससे अक्सर सड़कें बंद हो जाती हैं और यातायात प्रभावित होता है।

इस बीच, एजल स्थित मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश का पूर्वानुमान जताया है और यह दौर जारी रहने की चेतावनी दी है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि राज्य में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

प्रशासन ने निवासियों और यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने, संवेदनशील इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थिति में सुधार होने तक बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 

Next Post

जमानत निरस्त के बाद भी पटवारी नही हुआ गिरफ्तार

Sun Jul 12 , 2026
सिंगरौली । चितरंगी तहसील के कतरिहार गांव की 2015 में फर्जी तरीके से प्रविष्टि एवं हेराफेरी तथा कूटरचित कार्य करने के आरोप में पटवारी राजेश नामदेव पर विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध है। जिसकी जमानत भी हाल ही के दिनों में उच्च न्यायालय से खारिज भी हो चुकी है। […]

You May Like