
सीधी। सोनांचल बस स्टैण्ड में फिर से बसों का संचालन आज दोपहर बाद से शुरु हो गया। बस आनर्स एवं व्यापारियों की मांग पर विधायक ने कलेक्टर से चर्चा की, दो माह के लिए पुन: बस संचालन की कलेक्टर ने सहमति दी।
दरअसल आज दोपहर सोनांचल बस स्टैण्ड क्षेत्र के दर्जनों फुटपाथी कारोबारी एवं कुछ बस आनर्स सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक के बंगले में जाकर मांग रखी कि जब तक सोनांचल बस स्टैण्ड में शापिंग काम्पलेक्स का निर्माण कार्य शुरू न हो जाय, बसों का संचालन फिर से शुरू कराया जाय। फुटपाथी व्यवसाइयों का कहना था कि 1 जुलाई से पुराने सोनांचल बस स्टैण्ड का संचालन बंद हो जाने से उनकी आजीविका पर भारी असर पड़ा है। उनका समूचा व्यवसाय पुराने बस स्टैण्ड में आने वाले यात्रियों पर ही निर्भर था।
अचानक पुराने बस स्टैण्ड को नये स्टैण्ड में स्थानांतरित कर दिये जाने से उनका व्यवसाय ठप्प होने की कगार पर पहुंच गया। वहीं कुछ बस आनर्स का कहना था कि नगर पालिका परिषद द्वारा पुराने सोनांचल बस स्टैण्ड में शापिंग काम्पलेक्स के निर्माण के लिये अभी टेण्डर की कार्रवाई प्रचलित की गई, ऐसे में स्पष्ट है कि निर्माण कार्य शुरू होने में अभी महीनों का समय लगेगा। इस वजह से बसों को फिर से पुराने बस स्टैण्ड से संचालित करने की अनुमति दिलाई जाय। सीधी विधायक रीती पाठक ने उक्त समस्या को गंभीरता से सुना और तत्काल कलेक्टर विकास मिश्रा से बात कर इस पर त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की। कलेक्टर ने दो महीने के लिये पुराने बस स्टैण्ड के संचालन की अपनी तत्काल सहमति प्रदान की। लिहाजा दोपहर बाद से पुराने बस स्टैण्ड क्षेत्र में आने वाले बसों का संचालन फिर से शुरू हो गया।
००
छोटे व्यवसाइयों की आजीविका पर भारी असर
पुराना सोनांचल बस स्टैण्ड के बाजार क्षेत्र में होने के कारण सैकड़ों छोटे व्यवसाइयों की आजीविका अच्छे से चल रही थी। पुराने बस स्टैण्ड के बंद होने से छोटे व्यवसाइयों का व्यवसाय ठप्प हो गया, जिससे उनमें हाहाकार मच गया था।
००
इनका कहना है
दर्जनों फुटपाथी व्यवसाई एवं कुछ बस आनर्स आज निर्माण कार्य शुरू होने तक पुराने बस स्टैण्ड का संचालन फिर से कराने की मांग को लेकर आये थे। उनकी मांग पर संज्ञान लेते हुये कलेक्टर से बात की गई। फिलहाल पुराने सोनांचल बस स्टैण्ड को दो महीने तक फिर से संचालित करने की अनुमति मिल गई है।
श्रीमती रीती पाठक, विधायक सीधी
०००००००००
