
देवसर । देवसर स्थित जूनियर छात्रावास के सामने संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान के कारण आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। नशे की हालत में लोग छात्रावास के सामने गाली-गलौज, विवाद और हंगामा करते हैं, जिससे छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छात्रावास में बड़ी संख्या में आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्र के छात्र रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। ऐसे में छात्रावास के ठीक सामने शराब दुकान का संचालन बच्चों के मानसिक और सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग से मांग की है कि छात्रावास के समीप से शराब दुकान को हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर संचालित कराया जाए, ताकि विद्यार्थियों को शांत एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। लोगों का कहना है कि शिक्षा के माहौल को बनाए रखने और विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को इस मामले में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
