
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़वानी जिले में “ऑपरेशन ग्रीन स्ट्राइक” के तहत 27 क्विंटल से अधिक गांजे के पौधे जब्त किए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 1.15 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
यह कार्रवाई इंदौर ग्रामीण जोन और निमाड़ रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में की गई। अभियान में बड़वानी, खरगोन और खंडवा जिलों के 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की 12 टीमें शामिल थीं। अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, सेंधवा ने किया।
वरला थाना क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी और जंगल इलाकों में 19 गांवों में एक साथ सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध स्थानों की पहचान के लिए ड्रोन तकनीक का उपयोग किया गया, जबकि पुलिस टीमों ने पैदल पहुंचकर दुर्गम क्षेत्रों की तलाशी ली।
अभियान के दौरान डोकलियापानी, धवलियागीर, बागदरी, टाकियापानी और आड़नदी गांवों के आसपास पांच खेतों में अवैध गांजे की खेती का पता चला। यहां से 26 हजार से अधिक पौधे जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 27 क्विंटल से अधिक था।
पुलिस के अनुसार, सभी खेत वन भूमि पर पाए गए हैं। वन विभाग से संबंधित पट्टाधारियों और कब्जाधारियों की जानकारी जुटाई जा रही है। जानकारी मिलने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
