उर्वरक वितरण और ई-टोकन की समस्या पर प्रशासन सख्त, जिला व विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त

आलीराजपुर, खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उर्वरक वितरण, ई-टोकन निर्माण, फार्मर आईडी पंजीयन एवं अन्य तकनीकी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के निर्देश पर जिले में जिला एवं विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

कलेक्टर श्रीमती माथुर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ई-विकास प्रणाली से जुड़ी किसानों की सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। यदि किसी समस्या का समाधान विकासखंड स्तर पर संभव नहीं हो, तो उसे तत्काल जिला स्तरीय कंट्रोल रूम को भेजकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि किसानों की शिकायतों का विधिवत पंजीयन कर त्वरित समाधान किया जाएगा, जिससे उर्वरक वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे और कृषकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा स्थापित व्यवस्था के तहत किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के लिए अनुविभागीय कृषि अधिकारी जोबट श्री रेहम डावर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं आलीराजपुर, सोंडवा, कट्ठीवाड़ा, जोबट, चन्द्रशेखर आजाद नगर तथा उदयगढ़ विकासखंडों में भी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों, कृषि विकास अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने जिले के समस्त कृषक बंधुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं का सहयोग करें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित नोडल अधिकारियों से संपर्क कर लाभ प्राप्त करें।

खरीफ सीजन में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने और तकनीकी अड़चनों को दूर करने के उद्देश्य से प्रशासन की यह पहल किसानों के लिए राहत भरी साबित होगी।

Next Post

जगन्नाथ स्वामी रथ यात्रा के संबंध में बैठक कल

Thu Jun 25 , 2026
दमोह। श्री देव जगदीश स्वामी मंदिर पुराना थाना में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा 16 जुलाई को शहर में श्रद्धा और भव्यता के साथ निकाली जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर जगन्नाथ रथयात्रा समिति की बैठक पुराना थाना स्थित बहुत प्राचीन जगदीश मंदिर परिसर में कल रात्रि 8 बजे आयोजित होगी जिसमें […]

You May Like