जबलपुर: मदन महल थाना अंतर्गत रेलवे उत्सव कॉलोनी में श्वान ने एक रेल कर्मचारी को घायल कर दिया। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपी कुत्ता मालकिन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार महेंद्र कुमार पाठक रेलवे में असिस्टेंट सी एंड डब्ल्यू (मैकेनिकल) के पद पर कार्यरत हैं, उत्सव कॉलोनी में निवास करते हैं। सुबह करीब 9 बजे जब वे घर के बाहर निकले तो तभी उनके पड़ोस में रहने वाली जीवकला अपने पालतू कुत्तों को घुमा रही थीं।
एक कुत्ता अचानक आक्रामक हो गया और उसने महेंद्र पाठक के दाहिने पैर के पंजे पर झपटकर बुरी तरह काट लिया। महेंद्र पाठक ने पुलिस को बताया कि जीवकला अक्सर अपने कुत्तों को बिना जंजीर के खुला छोड़ देती हैं, जिससे कॉलोनी में हमेशा डर का माहौल रहता है। पूर्व में भी कॉलोनी वासियों और उन्होंने स्वयं जीवकला को कुत्तों को बांधकर रखने की हिदायत दी थी, लेकिन उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। घटना के वक्त पड़ोसी वर्षा शुक्ला और अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया, वरना चोट और भी गंभीर हो सकती थी। मदन महल पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर पशु मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है ।
