
शक्तिनगर। एनसीएल की खड़िया परियोजना स्थित खदान में गत दिवस देर रात एक डोजर मशीन में अचानक आग लगने की घटना सामने आई। आग देखते ही देखते तेज हो गई, जिस पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना में डोजर मशीन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, वहीं चालक झुलस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खदान के भीतर कार्यरत डोजर मशीन में रात के समय अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण मशीन को बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक अनुमान में मशीन को भारी आर्थिक नुकसान होने की बात कही जा रही है।
हादसे के समय चालक मशीन के अंदर ही मौजूद था। आग लगते ही उसने तत्परता दिखाते हुए मशीन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, हालांकि इस दौरान वह झुलस गया। घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की आधिकारिक पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की संभावना जताई जा रही है।
