जबलपुर: बरगी थाना अंतर्गत ग्राम बम्हनी में दबंगों ने एक किसान की पांच लाख की सरसों की फसल पर ट्रैक्टर चलाकर खड़ी फसल को बर्बाद कर दिया। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस प्रकरण दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक बम्हनी निवासी किसान संतोष जायसवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे अपने मौसेरे भाई बलराम चौकसे की खसरा नंबर 38/1, 38/2, 38/3 (कुल रकवा 2.93 हेक्टेयर) भूमि पर खेती करता हैं।
इस भूमि का मुख्तयारनामा उनके पास है और वे ही इसकी देख-रेख कर रहा हैं। संतोष ने बड़ी लागत लगाकर सरसों (राई) की बुवाई की थी, जिसकी फसल अब कटने के लिए तैयार खड़ी थी। आरोपी आकाश पिता गजेन्द्र, राजा पिता राजेन्द्र और कैलाश पिता देवेन्द्र ने एक राय होकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने गांव के ही अभिषेक पटेल से हैरो उधार ली और उसे ट्रैक्टर में फंसाकर संतोष की लहलहाती फसल पर चला दिया। घटना को गांव के श्रीकांत जायसवाल ने अपनी आंखों से देखा है। किसान संतोष जायसवाल का कहना है कि इस हमले से करीब 5 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस ने रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
