
जबलपुर । संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। तत्वों पर निगरानी बढाई जाए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने तैयार रहें और गणेशोत्सव पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो। सूचनातंत्र को इतना मजबूत करें कि ही छोटी से छोटी असामाजिक गतिविधियों की जानकारी आपको तुरंत मिल सके। यह बातें पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कंट्रोल रूम में गणेशोत्सव पर्व को लेकर कहीं। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में गणेशोत्सव पर्व के दौरान जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, गणेश प्रतिमाओं की स्थापना एवं विसर्जन कार्यक्रमों, जुलूसों, सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुये यातायात व्यवस्था एवं पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं के सम्बंध में समीक्षा की गयी। इसके बाद दोपहर 3 बजे से गणेशोत्सव पर्व को दृष्टिगत रखते हुए समस्त थाना प्रभारी शहर एवं देहात की गूगल मीट के माध्यम से भी मीटिंग ली गई।सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गणेश उत्सव समितियों, आयोजकों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा गणेश उत्सव समितियों एवं शांति समिति की बैठक के दौरान आए सुझाव पर अमल करने और समस्याओं का निराकरण करने निर्देश दिया । बैठक में एएसपी शहर डॉ. आयुष जाखड़ , एएसपी अपराध जितेन्द्र सिंह, एएसपी जोन 2 पल्लवी शुक्ला, एएसपी जोन 4 अंजना तिवारी, एएसपी मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा, एएसपी यातायात अखिलेश तिवारी, समस्त नगर पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।
