बाइकों की आमने-सामने से टक्कर, 3 की मौत,5 गंभीर 

 

० शिकरा रेंज तिराहा के समीप हुआ दर्दनाक हादसा

नवभारत न्यूज

सीधी/हिनौता 22 जनवरी। तेज रफ्तार में दो बाइकों की आमने-सामने से आज शाम हुई टक्कर में तीन लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतकों में दोनो बाइक चालकों के साथ एक 4 वर्षीय बालिका भी शामिल है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस सहायता केन्द्र टिकरी के एसआई केदार परौहा एवं उनके हमराह पुलिसकर्मियों ने पांचो घायलों को जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था बनाई।

मिली जानकारी के अनुसार हादसे के वक्त वन विभाग के शिकरा चौकी में पदस्थ चौकीदार रामगणेश पनिका उम्र 35 वर्ष अपनी पत्नी राजकली उर्फ रानू पनिका उम्र 32 वर्ष एवं तीन बच्चों को ससुराल खजुरिहा से बुलाकर बाइक से अपने गृहग्राम दरिया लौट रहा था। ससुराल से करीब 11 किलोमीटर आगे आने पर शाम करीब 6:45 बजे सीधी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से उसकी बाइक की शिकरा तिराहा में सीधी टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार में दोनो बाइकों के टकराते ही उसमें सवार सभी लोग काफी दूर जा गिरे। इस हादसे में बाइक चालक रामगणेश पनिका, उसकी 4 वर्षीय बेटी राशि पनिका तथा दूसरे बाइक के चालक रघुवीर सिंह निवासी खाम्ह घाटी की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर खून ही खून नजर आने लगा। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजकली उर्फ रानू पनिका 32 वर्ष, उसकी 6 वर्षीय बेटी राखी पनिका, डेढ़ वर्षीय बेटा बृजेश पनिका, बरमानी निवासी आनंद बहादुर गोड़ 20 वर्ष एवं राजीव गोड़ 18 वर्ष को पुलिस सहायता केन्द्र टिकरी द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सहायता केन्द्र टिकरी द्वारा घटना की त्वरित विवेचना शुरू कर दी गई है।

Next Post

सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और पुत्री की मौत

Wed Jan 22 , 2025
माँ की हालत गंभीर, लोगों ने किया चक्का जाम   ब्यौहारी(शहडोल)। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के खरपा चौराहे के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और पुत्री की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। […]

You May Like