स्कूल बसों पर संयुक्त कार्यवाही 26 बसों की जांच, 30 हजार रूपये का जुर्माना

सतना :कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस एवं पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह के निर्देशानुसार शनिवार को परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस सतना द्वारा स्कूल बसों के विरुद्ध संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 26 स्कूल बसों की सघन जांच की गई, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। आरटीओ रवि बरेलिया ने बताया कि जांच के दौरान एक स्कूल बस में आपातकालीन दरवाजे के नीचे सीट लगी पाई गई, अग्निशमन यंत्र की वैधता समाप्त थी, फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध नहीं था तथा सीट कवर भी फटे हुए पाए गए। साथ ही बस सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इन गंभीर कमियों के चलते इन बसों की फिटनेस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई। एक अन्य बस में फिटनेस एवं परमिट नहीं पाए जाने पर 15 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त पांच बसों में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की कमी पाए जाने पर कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 8 चालान बनाए गए तथा 30 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया। साथ ही एक बस की फिटनेस निरस्त की गई। परिवहन विभाग द्वारा सभी स्कूल बस संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहनों में आवश्यक दस्तावेज, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरा, पैनिक बटन आदि अनिवार्य रूप से रखें एवं माननीय सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार ही बसों का संचालन करें। इस संयुक्त कार्यवाही में प्रभारी पूनम रावत, सूबेदार रामदेवी, प्रधान आरक्षक चंद्रमणि गुप्ता, आरक्षक सौरभ पांडे, अमरेंद्र तिवारी, शिवशंकर सिंह, रामसुख मिश्रा एवं मनोज गौतम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Next Post

सड़क पर पड़े घायल को महिला आरक्षक ने दिया प्राथमिक उपचार

Sun Aug 9 , 2026
इंदौर: कलश चौराहे पर सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को सड़क पर पड़ा देख यातायात पुलिस की महिला आरक्षक अरुणा ठाकरे ने अपना वाहन रोककर उसकी मदद की. उन्होंने फर्स्ट एड किट से घायल को प्राथमिक उपचार दिया और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई. परदेशीपुरा क्षेत्र के कलश चौराहे पर शुक्रवार […]

You May Like