नितिन नवीन का कल लखनऊ में रोड शो: बूथ कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद

लखनऊ, 3 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 और 5 जुलाई को दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर उत्तर प्रदेश आएंगे। प्रदेश भाजपा की नई टीम के गठन के बाद यह उनका पहला उत्तर प्रदेश दौरा होगा।

भाजपा पदाधिकारियों के अनुसार इस दौरान वे संगठन की समीक्षा, चुनावी रणनीति, बूथ सशक्तिकरण और शक्ति केंद्रों को मजबूत करने पर विशेष जोर देंगे।

उत्तर प्रदेश भाजपा की ओर से जारी बयान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार, 4 जुलाई को सुबह 11 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचने के बाद नितिन नवीन प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक करेंगे। शाम 4 बजे वे लखनऊ के हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, भाजपा सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके उपरांत प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी होगी।

शाम 7:45 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद्मश्री सम्मानित डॉ. विद्या बिंदु सिंह के आवास पर प्रदेश की प्रमुख हस्तियों से मुलाकात करेंगे। रात्रि भोज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ होगा। रविवार, 5 जुलाई को नितिन नवीन दिन की शुरुआत पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद से करेंगे। सुबह 9:30 बजे वे एनडीए नेताओं की संयुक्त बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे।

दोपहर 2:45 बजे वे राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचकर भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे और कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक मंत्र देंगे। शाम 5 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ के पीर नगर स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर पहुंचकर बूथ स्तर पर चल रहे संगठनात्मक कार्यों और पार्टी कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे।

भाजपा के अनुसार यह दौरा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, नवगठित प्रदेश टीम का मार्गदर्शन करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 

Next Post

ईरान समझौते में अमेरिका की लगभग सभी जरूरतों पर सहमत हो गया हैः ट्रम्प

Fri Jul 3 , 2026
तेहरान, 03 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उनका मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच एक व्यापक समझौते पर चल रही बातचीत में ईरान ‘उनकी लगभग सभी जरूरतों पर सहमत हो गया है।’ श्री ट्रम्प ने सीएनबीसी के साथ एक विस्तृत साक्षात्कार में गुरुवार […]

You May Like