जबलपुर: गोहलपुर थाना अंतर्गत सुशीला परिसर के पास तीन बदमाशों ने एक बिल्डर को सरेराह रोककर चाकू से हमला कर दिया। घायल बिल्डर को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संदीप गुप्ता (50) निवासी आस्था परिसर, न्यू रामनगर अधारताल, पेशे से बिल्डर हैं। वर्तमान में उसका एक प्रोजेक्ट सुशीला परिसर में चल रहा है।
जब वह अपनी टू-व्हीलर से साइट का काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी सुशीला परिसर के गेट के पास तीन अज्ञात लड़कों ने उन्हें रास्ता रोककर घेर लिया। बदमाशों ने संदीप गुप्ता से शराब पीने के लिए अड़ीबाजी करते हुए पैसों की मांग की। जब बिल्डर ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया, तो बदमाश ने अचानक चाकू निकाल लिया और उन पर हमला कर दिया। हमले में संदीप गुप्ता के दोनों जांघों में गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
