इंदौर: प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स विंग इंदौर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उज्जैन के ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में मेफेड्रोन की सप्लाय करता था. पुलिस ने उसके कब्जे से 27 ग्राम एमडी बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपए बताई जा रही है.
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक केपी राव के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक महेशचंद्र जैन के मार्गदर्शन में नारकोटिक्स विंग की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उज्जैन निवासी जुबेर पिता अब्दुल हामिद मादक पदार्थ लेकर इंदौर में डिलीवरी देने वाला है. सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी में टीम ने आरोपी जुबेर को पकड़ा और उसकी तलाशी के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 27 ग्राम एमडी बरामद की.
आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह एमडी कहां से लाता था और किन-किन लोगों को सप्लाय करता था. नारकोटिक्स डीएसपी संतोष सिंह हाड़ा ने बताया कि यह कार्रवाई मादक पदार्थों के खिलाफ जारी सख्त कार्रवाई का हिस्सा है. टीम अब सप्लाय चेन और नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.
