CM ने वर्चुअली अनूपपुर के 114 विकास कार्यों का किया भूमिपजन, सोन बैराज अनूपपुर जिले के लिए प्रगति का द्वार खोलेगा

रीवा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि बदलते दौर के मध्यप्रदेश में हम सभी क्षेत्रों में समान रूप से आगे बढ़ रहे हैं. गरीब, युवा, किसान व महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं. सावन के महीने में लाड़ली बहनों को 250 रुपए का रक्षाबंधन का नेग मिलेगा. दीवाली के बाद लाड़ली बहनों को 1500 रुपए की किश्त प्रतिमाह उनके खाते में पहुंचेगी. मुख्यमंत्री ने रीवा से वर्चुअल माध्यम से कोतमा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया. उन्होंने इस अवसर पर अनूपपुर जिले के 443.31 करोड़ रुपए के 114 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया.

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि अनूपपुर जिले में विकास कार्यों से प्रगति के द्वार खुलेंगे. सोन बैराज परियोजना किसानों के लिए बड़ी सौगात होगी. उन्होंने कहा कि अमरकंटक नर्मदा जी के साथ सोन एवं जुहिला नदी का उद्गम स्थल है. राम, सीता व लक्ष्मण जी के वनवास काल में यात्रा का रामपथ गमन विकसित व भव्य बनाया जाएगा. अनूपपुर जिले में इस मार्ग को भी भव्य व विकसित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अनूपपुर जिले में स्मार्ट क्लास का संचालन शिक्षण सुविधाओं के लिए एक उदाहरण है. उससे अन्य जिले भी प्रेरणा लेंगे. अमरकंटक में निर्मित झूला पुल हमें लक्ष्मण झूले की याद दिलाता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा जी के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश फल-फूल रहा है. नर्मदा परिक्रमा पथ में नर्मदा यात्रियों की सुविधाओं के लिए घाट व छाया स्थल एवं अन्य सुविधाएँ विकसित की जायेंगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश को दुग्ध क्रांति के माध्यम से देश का प्रथम दुग्ध उत्पादक प्रदेश बनाया जाएगा. पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी प्रदेश में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है साथ ही शासकीय कर्मचारियों को जुलाई माह में प्रमोशन देने का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा. मध्यप्रदेश उत्तरोत्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर है. दो करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और अब प्रति व्यक्ति आय एक लाख 52 हजार रुपए हो गई है. मुख्यमंत्री ने सीतामढ़ी वृहद परियोजना, सोन-मोहारी माइक्रो इरिगेशन योजना तथा कटना नदी पर बांध निर्माण की घोषणा की. उन्होंने बिजुरी में आउटडोर स्टेडियम, जैतहरी स्टोरेज वेयर में कराए जाने वाले कार्यों तथा खाटी में विद्युत सब स्टेशन निर्माण की घोषणा की. रीवा से वर्चुअल संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री जी के साथ विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी तथा पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे.

Next Post

अमेरिकी एनजीओ ने नए विधेयक को लेकर ट्रम्प पर मुकदमा चलाने का संकल्प लिया

Fri Jul 4 , 2025
मैनहटन, 04 जुलाई (वार्ता) अमेरिका में यौन स्वास्थ्य सेवा प्रदाता गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) ‘प्लांड पैरेंटहुड’ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के वन बिग ब्यूटीफुल विधेयक के पारित होने पर उन पर मुकदमा करेगा । संगठन के अध्यक्ष और सीईओ एलेक्सिस मैकगिल जॉनसन ने बुधवार को इस बिल की निंदा करते हुए […]

You May Like