सरकारी जमीन पर अवैध न्यू लक्ष्मी नगर कॉलोनी काटने पर भूमाफिया पर एफआईआर दर्ज

इंदौर: बुधवार को प्रशासन ने मल्हारगंज तहसील के सिरपुर क्षेत्र में सरकारी ज़मीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की. सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध कॉलोनी काटकर प्लॉट बेचने वाले भू माफिया पर एफआईआर दर्ज कराई गई. अतिक्रमण मुक्त कराई सरकारी जमीन का बाजार मूल्य 40 करोड़ रुपए बताया जा रहा है.
शहर के सिरपुर में स्थित खसरा नंबर 33 की 2.711 हेक्टेयर सरकारी जमीन पर अवैध न्यू लक्ष्मी नगर कॉलोनी विकसित करने की जा रही थी.

इसका खुलासा होने पर मल्हारगंज एसडीएम ने मौके पर तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए थे. जांच रिपोर्ट में पाया गया कि उक्त सरकारी जमीन वर्तमान राजस्व अभिलेखों के अनुसार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के नाम दर्ज है. जांच के दौरान खुलासा हुआ कि अज्जू खां पिता भूरु खान, निवासी 17 सम्राट नगर सरकारी जमीन को निजी जमीन बताकर सर्वे क्रमांक 37/1 पर छोटे-छोटे भूखंड तैयार किए गए थे और नोटरी के माध्यम से उनका विक्रय कर ‘न्यू लक्ष्मी नगर’ नाम से अवैध कॉलोनी बसाने का प्रयास कर रहा था.

जांच में यह भी सामने आया कि सर्वे क्रमांक 37/1 की भूमि सिद्धनाथ मिश्रीलाल पिता गणपत के नाम दर्ज है. उसका स्वामित्व अज्जू खां के नाम पर नहीं है. उक्त शासकीय भूमि का बाजार मूल्य लगभग 40 करोड़ रुपए है. स्थल निरीक्षण के दौरान शासकीय भूमि पर जरीना बी पति अनवर, बबली पति कैलाश तथा यासमीन मंसूरी पति साकिर द्वारा टीनशेड से निर्मित मकानों में निवास किया जाना पाया गया. इनके विरुद्ध राजस्व प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार बेदखली के आदेश पारित किए गए हैं.

सौ से अधिक प्लॉट बेचे
जांच में यह भी सामने आया है कि भूमाफिया अज्जू खान ने लगभग 100 से अधिक प्लॉट करीब 5 लाख रुपये प्रति प्लॉट की दर से बेच दिए. इससे आम नागरिकों के साथ 5 करोड़ रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी करने का मामला भी पकड़ में आया है. प्रशासन द्वारा अवैध कॉलोनी काटने और सरकारी जमीन पर कब्जा करने के खिलाफ अज्जू खां पिता भूरु खान पर बीएनएस की धारा 318(4) एवं 316(5) के अंतर्गत थाना चंदननगर में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

Next Post

गुरु पूर्णिमा पर बिरूल बाजार में निकली भव्य शोभायात्रा

Thu Jul 30 , 2026
मुलताई। नगर सहित ग्रामो में गुरुपूर्णिमा का पर्व श्रद्धा एवं आस्था के साथ पारंपरिक रुओ से मनाया गया. इस अवसर पर प्रभात पट्टन ब्लॉक के ग्राम बिरूल बाजार में गांव मे स्थित मंदिर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।शोभायात्रा में शंकर पार्वती सहित देवी […]

You May Like