डीआरडीओ ने स्क्रैमजेट इंजन का सफल ग्राउंड परीक्षण किया

नयी दिल्ली 21 जनवरी (वार्ता) रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की हैदराबाद स्थित प्रयोगशाला रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला (डीआरडीएल) ने लंबी अवधि की सुपरसोनिक दहन रैमजेट या स्क्रैमजेट संचालित हाइपरसोनिक तकनीक विकसित करने की पहल के तहत स्क्रैमजेट इंजन का सफल परीक्षण किया है।

रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि डीआरडीएल ने हाल ही में इन तकनीकों को विकसित किया है और भारत में पहली बार 120 सेकंड के लिए अत्याधुनिक एक्टिव कूल्ड स्क्रैमजेट कॉम्बस्टर ग्राउंड परीक्षण किया है। सफल ग्राउंड परीक्षण अगली पीढ़ी के हाइपरसोनिक मिशनों को विकसित करने में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

हाइपरसोनिक मिसाइलें उन्नत हथियारों की एक श्रेणी है, जो मैक-5 से अधिक गति अर्थात ध्वनि की गति से पांच गुना या 5,400 किमी प्रति घंटा से अधिक रफ्तार से चलती हैं। इन उन्नत हथियारों में मौजूदा वायु रक्षा प्रणालियों को बायपास करने और तेज तथा उच्च प्रभाव वाले हमले करने की क्षमता है। अमेरिका, रूस, भारत और चीन सहित कई देश सक्रिय रूप से हाइपरसोनिक तकनीक का उपयोग कर रहे हैं। हाइपरसोनिक वाहनों की कुंजी स्क्रैमजेट हैं। ये हवा में सांस लेने वाले इंजन हैं, जो बिना किसी गतिशील हिस्से का उपयोग किए सुपरसोनिक गति पर दहन को बनाए रखने में सक्षम हैं।

स्क्रैमजेट कॉम्बस्टर के ग्राउंड परीक्षण ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां प्रदर्शित कीं, जो सफल इग्निशन और स्थिर दहन वाले हाइपरसोनिक वाहनों में परिचालन हेतु इस्तेमाल के लिए इसकी क्षमता को प्रदर्शित करती हैं। स्क्रैमजेट इंजन में इग्निशन ‘तूफान में मोमबत्ती जलाए रखने’ जैसा है।

भारत में पहली बार डीआरडीएल और उद्योग द्वारा संयुक्त रूप से एंडोथर्मिक स्क्रैमजेट ईंधन का स्वदेशी विकास इस सफलता का मुख्य कारण है। ईंधन महत्वपूर्ण शीतलन सुधार और प्रज्वलन में आसानी के दोहरे लाभ प्रदान करता है। टीम ने औद्योगिक स्तर पर डीआरडीएल की सख्त ईंधन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए एक विशेष विनिर्माण प्रक्रिया विकसित की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्क्रैमजेट इंजन के सफल ग्राउंड परीक्षण के लिए डीआरडीओ और उद्योगजगत को बधाई दी है। उन्होंने कहा,“ यह उपलब्धि अगली पीढ़ी के हाइपरसोनिक मिशनों के विकास में मील का पत्थर है।”

रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने स्थिर दहन, उन्नत प्रदर्शन और उन्नत थर्मल प्रबंधन परीक्षण में क्षमताओं का प्रदर्शन करने के लिए डीआरडीएल टीम और उद्योग को बधाई दी।

 

Next Post

केबिनेट बैठक और मुख्यमंत्री के मण्डलेश्वर कार्यक्रम के लिए तैयारियां अंतिम चरण में

Tue Jan 21 , 2025
बाई की 300वीं जन्म जयंती के अवसर पर खरगोन जिले की धार्मिक एवं पर्यटन नगरी महेश्वर में 24 जनवरी को केबिनेट बैठक का आयोजन किया जाना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव केबिनेट बैठक के बाद मण्डलेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में 774 करोड़ रुपये की महेश्वर जानापाव उद्वहन सिंचाई योजना का […]

You May Like