मोदी के सहयोग और नीतीश के नेतृत्व में बिहार ने विकास के पथ पर अग्रसर है : नड्डा

पटना, 30 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी.नड्डा ने गुरूवार को कहा कि पिछले 20 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहयोग और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने एक बार फिर गति पकड़ी है और विकास के पथ पर अग्रसर है।

श्री नड्डा ने बेगूसराय जिले के तेघड़ा, नालंदा जिले के हरनौत और पटना जिले के बख्तियापुर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुये कहा कि 90 के दशक से लेकर 2005 तक बिहार अंधकार में डूबा हुआ था। उस समय यहां अपराध, भ्रष्टाचार और कुशासन का बोलबाला था। जनता भय के माहौल में जी रही थी। लेकिन 2005 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मेहनत से बिहार ने विकास की नई दिशा पकड़ी।आज का बिहार बदल चुका है और अब वह उस पुराने ‘जंगलराज’ वाले दौर से बहुत आगे निकल आया है। उन्होंने कहा कि आज जब आप ‘अच्छे दिन’ देख रहे हैं, तो आपको ‘बुरे दिन’ भी याद करने चाहिए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज का बिहार सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेज़ी से प्रगति कर रहा है। “कभी ‘बीमारू’ राज्य कहलाने वाला बिहार अब विकसित राज्यों की कतार में शामिल होने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत ने आज भ्रष्टाचार और आतंकवाद पर काबू पाया है। देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और गरीबों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। बिहार में भी यही विकास का मॉडल लागू हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां भी राजग की सरकार आई है, वहां विकास हुआ है और जहां भी अन्य दलों ने शासन किया है, विकास धीमा हो गया है या रुक गया है।

श्री नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राजद को बिहार और जनता से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता लालू यादव अपने बेटे तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने में लगे हैं, वहीं सोनिया, राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने में लगी हैं। इन्हें अपने परिवार से मतलब है।उन्होंने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिन लोगों ने बिहार को 15 साल तक लूटा, आज वे फिर से सत्ता में लौटना चाहते हैं। लेकिन बिहार की जनता अब जाग चुकी है और उन्हें फिर से ‘जंगलराज’ नहीं चाहिए।

 

 

Next Post

भारत और साइप्रस ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढाने के लिए संयुक्त कार्य योजना की समीक्षा की

Thu Oct 30 , 2025
नयी दिल्ली 30 अक्टूबर (वार्ता) विदेश मंत्री डा. एस.जयशंकर ने भारत और साइप्रस दोनों के साथ मजबूत संबंधों को प्राथमिकता करार देते हुए कहा है कि उन्होंने आज यहां साइप्रस के विदेश मंत्री डॉ. कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस के साथ वार्ता में भारत-साइप्रस संयुक्त कार्य योजना की समीक्षा के साथ-साथ वैश्विक भू-राजनीतिक […]

You May Like