ग्वालियर:ग्वालियर व्यापार मेला के दुकानदारों ने मेला सचिव को ज्ञापन सौंपकर करीब 16 दुकानों एवं चबूतरों को तोड़े जाने का विरोध कियादुकानदारों ने बताया कि वे पिछले लगभग 50 वर्षों से मेला परिसर में छतरी नंबर 17, छतरी नंबर 20 तथा इनके आसपास दुकानों एवं चबूतरों पर फर्नीचर, लोहे के बक्से, रेडीमेड कपड़े एवं जनरल आइटम का व्यापार करते आ रहे हैं। आरोप है कि मेला प्राधिकरण द्वारा दुकानदारों अथवा मेला दुकानदार कल्याण समिति के अध्यक्ष को बिना किसी पूर्व सूचना के दुकानों एवं चबूतरों को तोड़ा जा रहा है तथा उनके स्थान पर शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। मेला परिसर में पर्याप्त खाली भूमि उपलब्ध है, इसके बावजूद वर्षों से व्यापार कर रहे दुकानदारों की रोजी-रोटी प्रभावित की जा रही है। दुकानदारों को हटाने से पहले उन्हें विश्वास में लिया जाना चाहिए था।
दुकानदारों की मेला सचिव से हुई चर्चा के दौरान सचिव ने सभी दुकानदारों को जगह उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि उन्हें उसी स्थान अथवा उसके आसपास दुकानें आवंटित की जाएं, जहां वे वर्षों से व्यापार करते आ रहे हैं।
समिति अध्यक्ष बलवीर सिंह खटीक ने मेला प्राधिकरण को चेतावनी दी कि यदि 5 दिन के भीतर दुकानदारों को उक्त स्थान के आसपास दुकानें उपलब्ध नहीं कराई गईं और उन्हें गुमराह करने का प्रयास किया गया, तो मेला दुकानदार कल्याण समिति व्यापारियों के हित में जनआंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
