श्योपुर: श्योपुर-मुरैना हाईवे पर गौरस तिराहे के पास एक तेज रफ्तार एंबुलेंस बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में एंबुलेंस में सवार मां और उसकी नवजात बेटी पूरी तरह सुरक्षित रहीं जबकि बच्ची के पिता को चोटें आई हैं। एंबुलेंस एक नवजात बच्ची को फॉलोअप के लिए जिला अस्पताल लेकर आ रही थी। बरगवां निवासी पप्पू पटेलिया की पत्नी ने लगभग एक माह पहले जिला अस्पताल में एक प्रीमेच्योर बच्ची को जन्म दिया था।
बच्ची का वजन बहुत कम था और उसके जीवित रहने की संभावना भी कम बताई जा रही थी। डॉक्टरों के लगातार प्रयासों से उसकी जान बचाई गई। नवजात को कई दिनों तक एसएनसीयू में जीवनरक्षक उपकरणों पर रखकर उपचार दिया गया था, जिसके बाद एक सप्ताह पहले उसे घर भेजा गया था। एक सप्ताह बाद बच्ची को फॉलोअप जांच के लिए दोबारा जिला अस्पताल बुलाया गया था। तभी यह हादसा हो गया।
