
* मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री के पुण्य तिथि में प्रदेश भर से हजारों लोग श्रध्दांजली अर्पित करने पहुंचे
नवभारत न्यूज
सीधी/चुरहट 6 मार्च ।मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री अर्जुन सिंह जी के पुण्यतिथि पर समाधि स्थल राव सागर चुरहट का वातावरण किसी तीर्थ स्थल से कम नहीं था। विगत वर्षों की तरह ही इस वर्ष भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया था। चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल भैया के अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में जिला सहित संभाग व प्रदेश के हजारों लोगों ने पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए दाऊ साहब के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि व्यक्त की। तथा उनके बताए हुए मार्गो पर चलने विचारों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।
सीधी सांसद डॉ राजेश मिश्रा भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे
सीधी लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने आज स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी के पुण्यतिथि पर समाधि स्थल राव सागर चुरहट पहुंचकर चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल भैया से मिले और उन्ही के साथ स्वर्गीय अर्जुन सिंह के समाधि में श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ राजेश मिश्रा का पैतृक गांव चुरहट के पास ही कपुरी में है। उनके परिवार के राव साहब चुरहट परिवार से पीढ़ी दर पीढ़ी से सामाजिक व पारिवारिक संबंध रहे उसी परंपरा के अनुकूल डॉक्टर मिश्रा ने उपस्थित होकर अपने सदाशयता का परिचय दिया।
भजन गायकी की मनमोहक प्रस्तुति
इस अवसर पर भोपाल से आए लोकप्रिय गायक अखिलेश तिवारी के दल ने भक्ति और भजन गायकी प्रस्तुत करते हुए उपस्थित लोगों का मनमोह लिया। चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल भैया ने गायक दल का स्वागत किया। डॉ महेंद्र सिंह चौहान ने दाऊ साहब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा श्रद्धांजलि सभा में पधारने वाले सभी जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया ।
सर्वप्रथम गुढ़ तिराहा में श्रद्धांजलि
नगर पंचायत कार्यालय चुरहट के पास गुढ़ तिराहा स्थित स्वर्गीय अर्जुन सिंह जी के प्रतिमा स्थल पर भी श्रद्धांजलि का कार्यक्रम रखा गया था। स्वर्गीय दाऊ साहब के कनिष्ठ पुत्र तथा चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल भैया ने सबसे पहले सुबह प्रतिमा स्थल में पहुंचकर माल्यार्पण करके अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका गुप्ता, पार्षद गण व कांग्रेस के अनेक स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
