आरटीओ इंस्पेक्टर भोपाल हत्या कांड:आरोपी सीधी के युवक की आत्महत्या से अनसुलझे कई सवाल!

सीधी । आरटीओ इंस्पेक्टर भोपाल हत्याकांड में आरोपी सीधी के युवक की आत्महत्या से कई अनसुलझे सवाल उठ रहे हैं। दतिया आरटीओ इंस्पेक्टर के हत्या के आरोप में घिरे सीधी जिले के बहरी थाना अंतर्गत भनवारी निवासी पवन का गृह ग्राम में अंतिम संस्कार होगा।

भोपाल के खजूरी सडक़ थाना क्षेत्र में हुए महिला आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले और उनके दोस्त पवन द्विवेदी की मौत के मामले में पुलिस जांच से जुड़ी नई और विस्तृत जानकारियां सामने आई हैं। घटना की रात क्या हुआ था, पुलिस पूछताछ में मृतका मीनाक्षी की सहेली कृतिका ने महत्वपूर्ण खुलासा किया है। मीनाक्षी और कृतिका 17 सितंबर को इंदौर से निकले थे और कटनी (कृतिका के मायके) गए थे। वहां से वापस इंदौर लौटते समय मीनाक्षी ने कृतिका को बताया कि भोपाल में रहने वाले उनके दोस्त पवन के घर पर उनका कुछ सामान और कपड़े रखे हैं जिन्हें वह लेना चाहती हैं। रविवार 20 सितंबर की रात मीनाक्षी अपनी 3 साल की बेटी और सहेली कृतिका के साथ ही पवन के लेकपर्ल कॉलोनी स्थित मकान पर पहुंची थीं। हत्या और सुसाइड का घटनाक्रम में पुलिस की प्रारंभिक फोरेंसिक जांच के मुताबिक रविवार देर रात या सोमवार तडक़े पवन और मीनाक्षी के बीच विवाद हुआ। पवन ने घर के पोर्च (आगंन/बरामदा) में ही मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से जोरदार वार किया। हत्या करने के बाद पवन ने मीनाक्षी के शव को पोर्च से घसीटकर घर के अंदरूनी कमरे में छिपा दिया। सोमवार सुबह जब कृतिका की आंख खुली, तो उसने कमरे में मीनाक्षी का खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद जब पवन का शव पास के पेड़ से लटका मिला तो पुलिस को तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक बैंक पासबुक मिली। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

रिश्तों की पृष्ठभूमि और विवाद की मुख्य वजह-

करीब 7-8 साल पहले जब मीनाक्षी अविवाहित थीं और इंदौर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं तब उनकी मुलाकात पवन से हुई थी जो वहां कोचिंग चलाता था। बाद में मीनाक्षी का चयन परिवहन विभाग में हो गया। मीनाक्षी का करीब 2 साल पहले अपने पति से तलाक हो चुका था। पवन लगातार उन पर शादी का दबाव बना रहा था लेकिन मीनाक्षी के परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार हाल ही में मीनाक्षी ने अपने पिता की बात मानकर पवन से बातचीत करना काफी कम या बंद कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर और शादी से इंकार किए जाने पर पवन ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

6 भाईयों में सबसे होनहार था पवन-

सीधी जिले के बहरी थाना अंतर्गत भनवारी निवासी पवन द्विवेदी 6 भाईयों में सबसे ज्यादा होनहार था। पिता दीनबंधु राम द्विवेदी साधारण कृषक थे फिर भी हायर सेकेण्डरी तक अच्छी पढ़ाई देखकर पवन को इंजीनियरिंग कालेज भोपाल में एडमिशन कराया। खर्च के लिये उन्हें अपनी भूमि भी गिरवी रखनी पड़ी। इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के पश्चात पवन द्विवेदी इंदौर कोचिंग से जुड़े और वहां छात्र-छात्राओं को व्यवसायिक परीक्षाओं की तैयारी कराने लगे। पवन द्विवेदी के माता-पिता की मृत्यु पहले की हो चुकी थी। अब पवन द्विवेदी की मौत के बाद से परिवार भारी मातम में डूबा हुआ है।

Next Post

आग का गोला बनी कार, परिवार सुरक्षित

Tue Sep 22 , 2026
जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत लम्हेटा घाट के पास मंगलवार रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक कार अचानक आग का गोला बन गई। कार में दो मासूम बच्चों और महिला समेत एक ही परिवार के चार लोग सवार थे। गनीमत रही कि कार चालक पति ने समय रहते सूझबूझ […]

You May Like