
हटा/दमोह, 34 वर्षों तक शासकीय सेवा में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बाद सेवानिवृत्त हुए उपजेल हटा के प्रमुख मुख्य प्रहरी रोशन लाल रावत को ऐसी यादगार विदाई दी गई, जिसे वे और उनके परिजन लंबे समय तक याद रखेंगे। उपजेल परिसर में आयोजित सम्मान समारोह के बाद रोशन लाल रावत को घोड़े पर सवार कर ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुनों के बीच परिजनों एवं सहकर्मियों के साथ विदाई दी गई। इस दौरान माहौल खुशी और भावुकता से भर उठा। उपजेल परिसर हटा में आयोजित सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों व उपजेल स्टाफ ने शामिल होकर रोशन लाल रावत के 34 वर्ष के सेवाकाल को याद किया तथा उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की। समारोह में जनपद अध्यक्ष गंगाराम पटेल, विधायक प्रतिनिधि अंकुश खटीक, एसडीएम राकेश मरकाम, पुलिस एसडीओपी कृष्ण पाल सिंह, तहसीलदार आलोक जैन, नायब तहसीलदार उमेश तिवारी, नायब तहसीलदार शिवराम चढ़ार, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. उमाशंकर पटेल, हटा जनपद सीईओ संजीव गोस्वामी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र खरे, हटा टीआई सुधीर बेगी, वन विभाग के मास्टर ट्रेनर नीरज मिश्रा, राष्ट्रीय तेली पिछड़ा वैश्य महासभा के प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर साहू, समाजसेवी राजा खान, कैप्टन धर्मेंद्र सिंह परिहार, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सीएल नेमा सहित उपजेल हटा स्टाफ एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
*शायरी और गीतों ने बांधा समां*
सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने रोशन लाल रावत के सेवाकाल से जुड़े अनुभव साझा करते हुए उनके कार्य व व्यवहार की सराहना की। किसी ने शायरी के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं तो किसी ने गीत गुनगुनाकर समारोह में अपनत्व और उल्लास का रंग भर दिया। सहकर्मियों के साथ बिताए लंबे सेवाकाल की यादें साझा होने पर वातावरण कई बार भावुक भी हुआ। आयोजन में बुंदेली संस्कृति और परंपरा की झलक भी समारोह में देखने को मिली। सेवानिवृत्त हुए रोशन लाल रावत को बुंदेली परंपरा के अनुसार पड़गी बांधकर शाल एवं श्रीफल भेंट किया गया। उपस्थितजनों ने पुष्पहार एवं शुभकामनाओं के साथ उन्हें सम्मानित करते हुए सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
*ढोल-नगाड़ों के बीच घोड़े पर बैठाकर दी विदाई*
समारोह का सबसे खास और आकर्षक क्षण कार्यक्रम के समापन के बाद आया। जब उपजेल अधीक्षक नागेंद्र सिंह चौधरी की पहल पर उपजेल परिसर के बाहर से सेवानिवृत्त रोशन लाल रावत को घोड़े पर बैठाया गया। इसके बाद डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच परिजनों एवं सहकर्मियों की मौजूदगी में उन्हें विदाई दी गई। सेवानिवृत्ति जैसे भावुक अवसर पर इस अनूठे अंदाज में मिली विदाई ने माहौल को यादगार बना दिया। सहकर्मियों और परिजनों के चेहरों पर जहां खुशी नजर आई, वहीं लंबे सेवाकाल के बाद साथी से विदा होने की भावुकता भी साफ दिखाई दी। विदाई कार्यक्रम के बाद नगर हटा स्थित आकाश पैलेस में समारोह भोज का आयोजन किया गया। इसमें कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, परिजनों व गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर सेवानिवृत्त हुए रोशन लाल रावत को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में उपजेल अधीक्षक नागेंद्र सिंह चौधरी ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। 34 वर्षों की सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए रोशन लाल रावत के सम्मान में आयोजित यह समारोह आत्मीयता, सम्मान और बुंदेली परंपरा का यादगार संगम बन गया।
