ग्वालियर के 40 गांव में 10 दिन से बिजली गुल, फसलें चौपट, बिजली कंपनी दफ्तर घेरा

ग्वालियर। यहां के 40 गांवों के ग्रामीण आज बिजली कंपनी के मुख्यालय रोशनीघर पहुंचे और बताया कि पिछले करीब 8-10 दिनों से उनके गाँव में बिजली नहीं है, फसलें बर्बाद हो रही हैं, कई बार शिकायत की लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है, अधिकारियों ने जल्द निराकरण का भरोसा दिया है।

मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी लिमिटेड के अधिकार क्षेत्र में आने वाले ग्वालियर जिले के आंतरी सब स्टेशन से जुड़े सभी कृषि फीडरों पर पिछले 8-10 दिन से ब्लैक आउट है, मुख्यालय पहुंचे किसानों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की। उन्होंने बताया कि आंतरी सब स्टेशन से जुड़े 40 गांवों बिलकुल अँधेरे में हैं जिसने बड़ी परेशानी खड़ी कर दी है, सब स्टेशन पर पदस्थ जेई को कई बार शिकायत की लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

*किसान बोले फसल चौपट हो रही*

ग्रामीणों ने कहा कि हम किसान है और खेती किसानी ही हमारा आजीविका का साधन है , अब जब बिजली ही नहीं है तो हमारी कई एकड़ में लगी हमारी धान की फसल चौपट हो रही है, हम फसल को पानी नहीं दे पा रहे हमारी लागत बर्बाद होती दिखाई दे रही है , यदि खेती ही चौपट हो जाएगी तो हम बच्चों को क्या खिलाएंगे।

  *डीई ने कहा: जल्द चालू होगी बिजली*

ग्रामीणों ने अपनी शिकायत एसई की अनुपस्थिति में डीई को सौंपी। पत्रकारों ने जब बिजली कंपनी के डीई से किसानों की समस्या पर सवाल किया तो उन्होंने समस्या होने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि अभी दो तीन दिन पहले ट्रांसफार्मर पर आसमानी बिजली गिरी थी जिससे वो ख़राब हो गया उसे बदलने का प्रयास कर रहे हैं , उन्होंने कहा हम दो तीन दिन में इस समस्या का निराकरण कर देंगे।

*किसानों ने धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी*

अधिकारी ने हालाँकि दो तीन दिन में समस्या का निराकरण करने का भरोसा दिया है लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि एक दो दिन करते करते 8-10 दिन हो गए हैं, अब भी यदि ट्रांसफार्मर सही नहीं होता और बिजली चालू नहीं होती तो हम धरना प्रदर्शन करेंगे और तब तक नहीं उठेंगे जब तक कृषि फीडर चालू नहीं हो जाते।

Next Post

आईएल टी 20 की नीलामी एक अक्टूबर को दुबई में होगी

Tue Sep 22 , 2026
दुबई, 22 सितंबर (वार्ता) आईएल टी 20 सीज़न 5 का प्लेयर ऑक्शन 1 अक्टूबर को दुबई में आईसीसी एकेडमी की इनडोर सुविधा में होगा। ऑक्शन के लिए 20 देशों के 800 से ज़्यादा खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, और आयोजक अब उन्हें शॉर्टलिस्ट करके लगभग 200 खिलाड़ियों तक सीमित करने […]

You May Like