मुंबई।आईआईटी बॉम्बे में बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद छात्रों का प्रदर्शन जारी है। मामले में परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल और कथित तौर पर ChatGPT की मदद लेने का विवाद सामने आया था। छात्र के परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की है। परिवार ने एक प्रोफेसर पर प्रताड़ना और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच जारी है।
विवाद के बीच आईआईटी बॉम्बे ने अपने शुरुआती बयान पर माफी मांगी और संबंधित प्रोफेसर को डीन के पद से हटा दिया। वहीं, छात्रों ने 18 सूत्री मांगपत्र सौंपते हुए स्वतंत्र जांच, मानसिक स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, शिकायत निवारण व्यवस्था में बदलाव और प्रशासनिक पारदर्शिता जैसी मांगें उठाई हैं। मामले में पुलिस जांच और छात्रों का विरोध दोनों जारी हैं।
