पटेरा/दमोह:नगर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर जिला व्यापारी महासंघ तहसील इकाई पटेरा ने पुलिस अधीक्षक दमोह के नाम ज्ञापन सौंपकर नगर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।व्यापारी महासंघ अध्यक्ष स्वप्निल सिंघई के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पटेरा नगर एवं आसपास के क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। 20 सितंबर की रात पटेरा स्थित लखन सेठ ज्वेलर्स की दुकान में हुई बड़ी चोरी में लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों और आम नागरिकों में चिंता एवं असुरक्षा का माहौल है।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में गणेश उत्सव एवं पर्युषण पर्व चल रहे हैं। इस दौरान बाजारों में देर रात तक चहल-पहल रहती है तथा आगामी दिनों में दुर्गा उत्सव भी आने वाला है। ऐसे में चोरी और असामाजिक गतिविधियों की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।व्यापारी महासंघ ने मांग की है कि पटेरा नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में पुलिस की नियमित एवं प्रभावी गश्त बढ़ाई जाए, विशेषकर रात्रि के समय गश्त पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के साथ लखन सेठ ज्वेलर्स में हुई वर्तमान चोरी का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए।ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से नगर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाकर व्यापारियों एवं आम नागरिकों में विश्वास का वातावरण कायम करने की मांग की है।
