सकरी पंचायत में प्रभारी सचिव की मनमानी के आरोप, निर्माण कार्य कराए बिना मूल्यांकन और भुगतान की शिकायत

परसवाड़ा, जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर ₹600 ऑनलाइन भुगतान कराने का आरोप, दो चबूतरों के निर्माण में फर्जी बिल-बाउचर से राशि आहरण की शिकायत। जनपद सीईओ ने जाँच दल गठित करने की दी जानकारी।

बालाघाट जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सकरी में पदस्थ प्रभारी सचिव अनिता हनुवते के खिलाफ मनमानी एवं वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता राजकुमार हनुवते ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत प्रस्तुत कर जन्म प्रमाण पत्र के चालान के नाम पर ₹600 ऑनलाइन भुगतान कराने तथा बिना निर्माण कार्य कराए चबूतरों की राशि आहरण किए जाने की जाँच की मांग की है।

जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर ₹600 भुगतान कराने का आरोप*

शिकायतकर्ता राजकुमार हनुवते ने आरोप लगाया कि अपनी बहन का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर प्रभारी सचिव द्वारा उनसे ₹600 की राशि ली गई। यह भुगतान प्रभारी सचिव के पति के मोबाइल पर ऑनलाइन कराया गया। शिकायतकर्ता ने इस मामले की जाँच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, प्रभारी सचिव अनिता हनुवते ने आरोपों का खंडन करते हुए बताया कि उनके द्वारा जन्म प्रमाण पत्र के चालान के नाम पर मात्र ₹100 लिए गए हैं।

बिना निर्माण के दो चबूतरों की राशि आहरण का आरोप*

शिकायत में बताया गया कि ग्राम सकरी में गत वर्ष दो चबूतरों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इनमें एक चबूतरे की स्वीकृत राशि ₹1,75,000 तथा दूसरे चबूतरे की ₹1,15,000 बताई गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों चबूतरों का निर्माण कार्य आज दिनांक तक नहीं कराया गया, इसके बावजूद फर्जी बिल-बाउचर लगाकर राशि आहरण कर ली गई।

शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि निर्माण कार्य किए बिना ही संबंधित उपयंत्री द्वारा कार्य का मूल्यांकन एवं भौतिक सत्यापन कर दिया गया तथा सीसी जारी कर दी गई। इससे पंचायत में निर्माण कार्यों की निगरानी एवं शासकीय राशि के उपयोग को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रभारी सचिव ने कहा—निर्माण पूर्ण होने के बाद ही राशि आहरित की*

प्रभारी सचिव अनिता हनुवते ने चबूतरा निर्माण संबंधी आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि दोनों चबूतरों का निर्माण कार्य पूर्ण कराने के बाद ही राशि आहरण किया गया है। उन्होंने बिना निर्माण के भुगतान एवं फर्जी बिल-बाउचर लगाने के आरोपों से इनकार किया।

जनपद सीईओ ने जाँच दल गठित करने की दी जानकारी*

मामले को लेकर जनपद पंचायत बालाघाट के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से दूरभाष पर जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि शिकायत की जाँच के लिए जाँच दल गठित किया गया है। एक-दो दिन में जाँच दल द्वारा जाँच की जाएगी। जाँच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें कार्रवाई के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रेषित किया जाएगा।

जाँच के बाद सामने आएगी वास्तविकता*

ग्राम पंचायत सकरी में जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर राशि लिए जाने के आरोप तथा चबूतरा निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर शिकायत की गई है। अब जाँच दल की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि निर्माण कार्य वास्तव में हुआ है या नहीं, मूल्यांकन एवं भौतिक सत्यापन नियमानुसार किया गया था या नहीं तथा शासकीय राशि के आहरण में कोई अनियमितता हुई है या नहीं।

Next Post

क्रिकेट सट्टे का पर्दाफाश, 1.98 लाख बरामद

Fri Sep 18 , 2026
उज्जैन। नागदा पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दयानंद कॉलोनी की गली नंबर-3 में छत पर बने कमरे में चल रहे सट्टे के दौरान पुलिस ने 1,98,500 नकद, 2 लैपटॉप और 7 एंड्रॉयड मोबाइल समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए। दो […]

You May Like