
जबलपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जीआरपी जबलपुर ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए। 18 सितंबर को प्रधान आरक्षक सत्येंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 के इटारसी छोर पर दो संदिग्ध चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 23 वर्षीय कृष्णा दुबे निवासी गढ़ा और 23 वर्षीय हर्ष वर्मा निवासी जबलपुर को पकड़ लिया।
तलाशी में चार मोबाइल मिले, जिनके संबंध में आरोपी कोई दस्तावेज या बिल पेश नहीं कर सके। पूछताछ में दोनों ने स्टेशन और आसपास से मोबाइल चोरी कर उन्हें बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। चोरी के अन्य मामलों और मोबाइल खरीदने वालों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई जीआरपी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संजीवनी राजपूत के मार्गदर्शन में पुलिस व आरपीएफ स्टाफ की टीम ने की।
