
छतरपुर। छतरपुर शहर के हृदय स्थल चौक बाजार में इन दिनों भक्ति की बयार बह रही है। श्री राम दरबार सेवा समिति द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का भव्य दरबार सजाया गया है। रामनवमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में स्थापित इस दरबार में सुबह से लेकर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।
महाआरती में उमड़ रहा जनसैलाब
समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन रात्रि 8 बजे भगवान श्री राम की विशेष महाआरती आयोजित की जा रही है। इस आरती में शामिल होने के लिए शहर के कोने-कोने से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। शंख और घंटों की गूँज के बीच हो रही आराधना से पूरा चौक बाजार क्षेत्र राममय हो गया है। रामनवमी तक यहाँ विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला जारी रहेगी।
रक्तदान से पेश करेंगे मानवता की मिसाल
समिति के सक्रिय सदस्य चौबे चौधरी ने बताया कि श्री राम दरबार सेवा समिति केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी अग्रणी रहती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 23 मार्च, सोमवार को दोपहर 2 बजे से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इस शिविर में समिति के सदस्यों के साथ-साथ शहर के आम नागरिक भी स्वेच्छा से रक्तदान कर सकेंगे। समिति ने युवाओं और समाजसेवियों से अपील की है कि वे इस पुनीत कार्य में सहभागी बनकर किसी का जीवन बचाने में अपना योगदान दें।
