
नई दिल्ली। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) और टिटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड (टीआरएसएल) ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेनसेट्स के व्यापक रखरखाव के लिए 50:50 हिस्सेदारी वाली संयुक्त उद्यम कंपनी (जेवीसी) स्थापित करने के लिए संयुक्त उद्यम समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
समझौते पर बीएचईएल की ओर से कार्यकारी निदेशक श्यामला वेंकटरामन और टीआरएसएल की ओर से उप प्रबंध निदेशक अनिल कुमार अग्रवाल ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर बीएचईएल की निदेशक (औद्योगिक प्रणाली एवं उत्पाद) बानी वर्मा, निदेशक (इंजीनियरिंग, अनुसंधान एवं विकास) एस. एम. रामनाथन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इससे पहले बीएचईएल-टीआरएसएल कंसोर्टियम ने भारतीय रेलवे से 80 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनसेट्स की आपूर्ति और 35 वर्षों तक उनके व्यापक रखरखाव का ऑर्डर हासिल किया था।
प्रस्तावित जेवीसी दोनों कंपनियों की तकनीकी विशेषज्ञता का उपयोग करते हुए ट्रेनसेट्स की 35 वर्ष की सेवा अवधि में परिचालन क्षमता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करेगा।
