मुरैना: जिले में क्वारी नदी जबरदस्त उफान पर आ गई है। तेज बारिश के चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे कई ग्रामीण इलाकों में बने पुल, पलिया और रपटे पानी में डूब गए हैं। आज सुबह से जिले के कई क्षेत्रों में बारिश हो रही है। तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. संदीप तोमर के अनुसार आज दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रहेगी।
पहाड़गढ़ विकासखंड के खरिका गांव, जो क्वारी नदी के किनारे बसा हुआ है, यहां नदी पर बना एकमात्र रपटा पूरी तरह जलमग्न हो चुका है, फिर भी ग्रामीण इस पर आवाजाही कर रहे हैं। ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रपटा पार करते समय तेज बहाव में फंस गई। तेज बहाव में ट्रैक्टर ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी के साथ बहने लगी। लेकिन रपटे किनारे बनी मिट्टी की एक ऊंची मेढ़ से टकराकर ट्रॉली रुक गई। इससे ट्रॉली वहीं अटक गई और बड़ा हादसा होते-होते टल गया।ट्रैक्टर से कूदकर ग्रामीणों ने जान बचाई।
