भोपाल, 10 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज राज्य की लाड़ली बहना योजना की लगभग सवा करोड़ हितग्राही महिलाओं के खाते में लगभग डेढ़ हजार करोड़ रुपए की राशि अंतरित करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार डॉ यादव देवास जिले की सोनकच्छ तहसील के ग्राम पीपलरावां में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और किसान कल्याण योजना के हितग्राहियों, किसानों के खातों में राशि अंतरित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ यादव हितग्राहियों से संवाद कर योजना के लाभ की जानकारी भी लेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 1 करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनों के खातों में एक हजार 553 करोड़ रुपये, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 56 लाख हितग्राहियों के खाते में 337 करोड़ रुपये और किसान कल्याण योजना में 81 लाख हितग्राही किसानों के खाते में एक हजार 624 करोड़ रुपये अंतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम में 144 करोड़ के 53 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे।
