
रायसेन। मध्यप्रदेश में रायसेन शहर के एक अधिवक्ता को विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अधिवक्ता मुकेश शाक्या को फिलीपींस कंट्री कोड वाले एक व्हाट्सएप नंबर से कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को हर्ष बताते हुए कहा कि उसे अधिवक्ता की हत्या की सुपारी मिली है और 1.25 लाख रुपये देने पर मामला समाप्त कर दिया जाएगा।
आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से बैंक खाते की जानकारी तथा पासबुक का छायाचित्र भी भेजा था। शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र गोयल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।
पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच में यह सामने आया कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए विदेशी नंबर का उपयोग किया था।
थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और उसे जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कटनी निवासी अभिषेक के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में वैभव ठाकुर नामक एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है, जो फिलहाल फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इसी प्रकार की वारदात अन्य लोगों के साथ भी की है या नहीं।
