
छिंदवाड़ा. कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने आज नगर निगम की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में नगर निगम कमिश्नर सी.पी.राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री नारायन ने निकाय क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, डिवाइडरों, पुलों एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के लिए कहा साथ ही शासन द्वारा संचालित जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड से प्राप्त शिकायतों एवं सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम नागरिकों को समय पर राहत मिल सके। कलेक्टर श्री नारायन ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु कार्यों में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों को अधिकाधिक के्रडिट कार्ड वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना के लाभ से वंचित पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें लाभान्वित करने पर भी जोर दिया। बैठक में राजस्व वसूली की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश ००००००
कलेक्टर श्री नारायन ने राजस्व संग्रहण में अपेक्षित प्रगति लाने तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सीवरेज परियोजना से संबंधित प्राप्त शिकायतों, रोड रेस्टोरेशन एवं अन्य संबंधित कार्यों पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
भूमि का चिन्हांकन शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश ०.०००००
कलेक्टर श्री नारायन ने शासन के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (एएचपी) के अंतर्गत भूमि चिन्हांकन की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री नारायन ने संबंधित अधिकारियों को यह कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे आगामी प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से संपादित की जा सकें।
