शिवपुरी। शिवपुरी जिले के मालबर्वे गांव में एक दुखद हादसा सामने आया है। जहरीली गैस की चपेट में आने से एक परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। जबकि इसी परिवार के दंपति की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि परिवार जिस मकान में रहता था उस कमरे में गेंहू में डालने वाली कीटनाशक दवा रखी हुई थी उस दवा से जहरीली गैस का रिसाव हुआ जिसके कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस ने कहा कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का खुलासा होगा।
बताया जाता है कि मालबर्वे निवासी गिर्राज धाकड़ ने तीन दिन पहले घर के एक कमरे में रखे गेहूं में कीटनाशक दवा रखी थी। ऐसी आशंका है कि गेंहू में डालने वाली यह कीटनाशक दवा गैस बनी और रात जब गिर्राज अपनी पत्नी पूनम और दो बच्चों के साथ उसी कमरे में सोए, तो चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें रात में जिला अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की लेकिन रास्ते में ही दो बच्चों की मौत हो गई।
