फिरोजाबाद 16 जनवरी (वार्ता) फिरोजाबाद के सिरसागंज क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार को अयोध्या से मथुरा को जा रहे श्रद्धालुओं की मिनी बस टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी। इस हादसे में सात लोग घायल हुए हैं जिन्हे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जिले के सिरसागंज क्षेत्र के तहत आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार सुबह महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं से भरी हुई मिनी बस अयोध्या से मथुरा के लिए जा रही थी कि माइलस्टोन 74 के समीप मिनी बस का टायर फट जाने से गाड़ी असंतुलित होती हुई डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना की सूचना पर युपीड़ा की टीम और थाना पुलिस तथा एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी भी पहुंच गए।
पुलिस टीम ने सात घायलों को निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया । एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में सात लोग घायल हुए हैं। चार गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज सैफई भेज दिया गया है जबकि तीन का स्थानीय सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है।
