जबलपुर: संभाग क्रमांक 15 सुहागी के अंतर्गत आने वाले महाराजपुर स्थित विंग्स कॉन्वेंट स्कूल में एक बंदर के क्लास रूम में घुस जाने से मची अफरा-तफरी की जानकारी महापौर जगत बहादुर सिंह ”अन्नू को मिली, जिस पर त्वरित संवेदनशीलता और स्कूल प्रबंधन के मानवीय व्यवहार के चलते बंदर को बिना किसी क्षति के सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया।
जब बंदर स्कूल परिसर और क्लास रूम में दाखिल हुआ, तो वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। स्कूल प्रबंधन ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत इसकी सूचना महापौर को दी। प्रशंसनीय बात यह रही कि रेस्क्यू होने तक स्कूल मैनेजमेंट ने बंदर के साथ प्रेमपूर्ण व्यवहार किया। बंदर को डराने या भगाने के बजाय उसे उचित समय पर भोजन और पानी उपलब्ध कराया गया, जिससे वह शांत रहा।
शनिवार को महापौर के निर्देश पर नगर निगम की टीम हरकत में आई और मौके पर पार्षद लक्ष्मण गोंटिया और सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र राज अपनी टीम के साथ पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बंदर को किसी भी प्रकार की चोट पहुंचाए बिना जाल में लिया गया। टीम ने बंदर को केला खिलाकर विश्वास में लिया और बड़ी ही कुशलता से उसे पकड़ा। नगर निगम और वन विभाग के संयुक्त प्रयास से बंदर को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया है।
