
रीवा, रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र में महिला की हुई संदिग्ध मौत के बाद पति सहित बेटे ने जमीनी विवाद में मृतिका के देवर और साथियों पर दुष्कर्म कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है.
महिला की संदिग्ध मौत के बाद देवर ही उसे लेकर अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचा था लेकिन जैसे ही परिजनों को जानकारी हुई वह अस्पताल पहुंचे तो संदेही वहां से फरार हो गये. इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एक ऑडियो मृतका के भाभी के फोन से सामने आया है. जिसमें घटना के समय मृतका चीख पुकार कर रही है. घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि गढ़ थाना क्षेत्र के देवास निवासी सविता पटेल अपने पति विमलेश पटेल के साथ सूरत में रहती थी और अपने गांव मकान बनवाने के लिए आई थी. घटना बीती रात तकरीबन 11 बजे की है. मृतिका के परिजनों का आरोप है कि जब महिला अपने घर में अकेली थी तभी देवर रमाकांत पटेल एवं उसके साथियों ने मिलकर महिला के साथ गैंग रेप किया और उसे मौत के घाट उतार दिया. इसी बात को लेकर अभी अस्पताल में भी हंगामा हुआ. संदिग्ध मौत को लेकर देवर बार-बार अपना बयान बदलता रहा. बताया जा रहा है कि परिजनों से सांप काटने की बात कही गई थी लेकिन अब देवर रमाकांत घटना के संबंध में किसी भी जानकारी से इनकार कर रहा है. फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची और परिजनों के बयान लिये. हालाकि पुलिस जांच और पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा.
