जबलपुर: रांझी पुलिस ने देर रात सुअरमार बम के साथ एक युवक और एक किशोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो जिंदा सुअरमार बम बरामद किए हैं।टीआई उमेश गोल्हानी ने बताया कि सूचना मिली थी कि मानेगांव तालाब सामुदायिक भवन के पास एक युवक किसी के घर पर बम फेंकने की योजना बना रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर अभिषेक स्वामी उर्फ अभी (21) निवासी विकासनगर को दबोच लिया।
तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक सुअरमार बम बरामद हुआ। एक अन्य सूचना पर पुलिस ने मड़ई तिराहा क्षेत्र में दबिश दी। यहाँ एक 17 वर्षीय किशोर को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। किशोर की तलाशी लेने पर उसके पास से भी एक सुअरमार बम मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक स्वामी और अपचारी बालक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत अलग- अलग मामले दर्ज किए हैं।
